
आरटीए विभाग और यातायात पुलिस ने स्कूली बच्चों के साथ निकाली यातायात जागरुकता रैली
सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने को लेकर शहीद उधम सिंह चौंक से निकाली जागरूकता रैली ।
हाथों में बैनर व तख्तियां लेकर बच्चों ने दिया यातायात नियमों का सन्देश
डॉ. राजेश वधवाकुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र पुलिस की यातायात पुलिस तथा आरटीए विभाग द्वारा स्कूली बच्चों के साथ मिलकर यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार आयोजित इस अभियान के तहत स्कूली बच्चों ने पैदल मार्च निकालकर वाहन चालकों और आमजन को यातायात नियमों की पालना करने का संदेश दिया।
जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस जागरूकता अभियान में मेजर नितिन बाली गीता निकेतन स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने हाथों में यातायात नियमों से संबंधित बैनर एवं तख्तियां लेकर पैदल मार्च किया। इस दौरान बच्चों ने सड़क सुरक्षा, हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा यातायात नियमों की पालना करने का संदेश दिया। पैदल मार्च शहीद उधम सिंह चौक से शुरू होकर लघु सचिवालय तथा स्टेडियम मार्ग से होते हुए वापस शहीद उधम सिंह चौक पर पहुंचकर संपन्न हुआ। रास्ते में स्कूली बच्चों ने विभिन्न संदेशों के माध्यम से आमजन का ध्यान यातायात नियमों की ओर आकर्षित किया।
थाना यातायात प्रभारी निरीक्षक राम करण ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क पर सुरक्षित सफर के लिए यातायात नियमों की पालना करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही कई बार गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा सड़क पर लगे यातायात संकेतों का पालन करें। निरीक्षक ने कहा कि बच्चों के माध्यम से यातायात नियमों का संदेश समाज तक पहुंचाने का उद्देश्य यह है कि विद्यार्थी स्वयं भी नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक नागरिक ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कुरुक्षेत्र पुलिस द्वारा यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के साथ-साथ आमजन को जागरूक करने के लिए भी लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। सुरक्षित सड़क, सुरक्षित सफर और सुरक्षित समाज के लिए यातायात नियमों की पालना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस मौका पर थाना यातायात प्रभारी निरीक्षक सुखदेव, निरीक्षक पवन कुमार, आरटीए विभाग से निरीक्षक विजय कुमार सहित स्कूल स्टाफ और बच्चे मौजूद रहे।