
मध्य प्रदेश के देवास जिले में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर निकाली जा रही बीजेपी की तिरंगा यात्रा के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। घटना विजयागंज मंडी क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां बाइक रैली में 500 से अधिक कार्यकर्ता शामिल थे।
जानकारी के मुताबिक, यात्रा के साथ चल रहा डीजे वाहन सड़क किनारे पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते से टकरा गया। छत्ता टूटते ही बड़ी संख्या में मधुमक्खियां बाहर निकल आईं और यात्रा में शामिल लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई। कई कार्यकर्ताओं ने अपनी जान बचाने के लिए आसपास के सोयाबीन के खेतों में जाकर छिपकर बचाव किया।
इस घटना में करीब 40 से 50 बीजेपी कार्यकर्ताओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को स्थानीय अस्पतालों और महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय ले जाया गया। अस्पताल के डॉक्टर के अनुसार, छह लोगों को उपचार के लिए लाया गया था। इनमें एक व्यक्ति को करीब 200 मधुमक्खियों ने डंक मारा, जिसके चलते उसकी हालत गंभीर बताई गई। हालांकि उपचार के बाद घायलों की स्थिति नियंत्रण में है।
#Dewas #BJP #TirangaYatra #MadhyaPradesh #BeeAttack