
बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग का विशेष अभियान, 10 टीमों ने संभाला मोर्चा
जहानाबाद। बिहार सरकार की ओर से उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक निश्शुल्क बिजली का लाभ दिए जाने के बावजूद जिले में बिजली चोरी के मामले सामने आ रहे हैं। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और बकाया राशि की वसूली को लेकर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर विद्युत विभाग ने विशेष जांच एवं छापेमारी अभियान तेज कर दिया है।
विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, जहानाबाद के विद्युत कार्यपालक अभियंता ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिले में 10 अलग-अलग टीमों का गठन किया है। ये टीमें विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जांच और छापेमारी कर रही हैं। अभियान के तहत अगस्त माह में 11 अगस्त तक बिजली चोरी के मामले में 37 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। इन मामलों में कुल 11 लाख 1 हजार 549 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
धान की रोपनी के दौरान कृषि कार्य के लिए कुछ स्थानों पर चाइनीज तार के माध्यम से अवैध रूप से मोटर चलाने के मामले भी सामने आए हैं। इसके अलावा ऑटोमैटिक स्टार्टर के इस्तेमाल से मोटर लगातार चलते रहने के कारण विद्युत भार बढ़ने की समस्या भी सामने आ रही है। कृषि कार्य के लिए अवैध रूप से मोटर चलाने के मामले में इस माह 11 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।
बकायेदार उपभोक्ताओं के विरुद्ध भी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। अगस्त माह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 277 बकायेदार उपभोक्ताओं के विद्युत संबंध विच्छेदित किए गए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि कनेक्शन काटे जाने के बाद बिना बकाया राशि जमा किए अथवा नियमानुसार विद्युत संबंध बहाल कराए बिना बिजली का उपयोग करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विद्युत विभाग ने जिलेवासियों से बिजली चोरी से बचने, अवैध कनेक्शन और असुरक्षित तारों का इस्तेमाल नहीं करने तथा बकाया राशि का समय पर भुगतान करने की अपील की है। विभाग का कहना है कि बिजली चोरी दंडनीय अपराध होने के साथ-साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति में भी बाधा उत्पन्न करती है।