नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल ने फहराया तिरंगा, राष्ट्रभक्ति का दिया संदेश
स्वतंत्रता दिवस पर अमर शहीदों के बलिदान को किया नमन, नगरवासियों को दिलाई शपथ
स्वच्छ, सुंदर, विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागिता बढ़ाने का किया आह्वान
संतकबीरनगर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिसर में आयोजित भव्य समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश की आन-बान-शान को नमन किया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के साथ राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि देश की आजादी महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर शहीदों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उनके योगदान को देश कभी भुला नहीं सकता। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक सम्मान तभी है, जब हम अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करें और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।उन्होंने नगरवासियों को स्वच्छता, शिक्षा, सामाजिक समरसता एवं विकास के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई। साथ ही नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित बनाने में नगरवासियों की सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही एक मजबूत, स्वच्छ और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है।कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के उत्साह से गूंज उठा। समारोह का समापन देश की एकता, अखंडता एवं समृद्धि की कामना के साथ हुआ।