
रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम- एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह
साढौरा/यमुनानगर, 1 अक्टूबर- डीएवी कॉलेज साढौरा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें उपमंडल अधिकारी (नागरिक) व्यासपुर डॉ. कुलदीप सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया तथा उनके इस नेक कार्य के लिए सराहना की।
एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है और ऐसे समय में रक्तदाता का योगदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनरक्षक साबित होता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान समाज के प्रति जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाओं का परिचायक है। शिविर में युवाओं सहित आमजन ने बढ़-चढक़र भाग लिया और कुल 79 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। रक्तदाताओं में रक्तदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। एसडीएम ने रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अधिक से अधिक स्वस्थ नागरिकों को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से रक्तदान करें और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की छोटी-सी पहल किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ी मदद साबित हो सकती है।