कपाल मोचन मेले की तैयारियों का उपायुक्त ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए समयबद्ध व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश
यमुनानगर, (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो। उपायुक्त प्रीति ने बुधवार को प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कपाल मोचन सरोवरों का निरीक्षण किया और आगामी कपाल मोचन मेले की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सरोवरों और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था का विशेष रूप से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे मेला परिसर में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और कहीं भी गंदगी दिखाई नहीं देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल पर व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उन्हें बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
इस दौरान गऊ-बच्चा घाट स्थित प्रसिद्ध मंदिर के पुजारी ने गुरु गोविंद सिंह जी के वर्ष 1736 और 1745 के हुकमनामों का पाठ कर उनके ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व की जानकारी अधिकारियों को दी।
उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को तत्काल दूर करने और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा सभी कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर व्यासपुर के एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह, छछरौली एसडीएम जसपाल सिंह गिल, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, बीडीपीओ शबनम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।