
ई-चालान के नाम पर फर्जी मैसेज भेजने वालों से रहे सावधान, लिंक पर क्लिक करते ही खाली हो सकता है बैंक खाता, पंचकूला पुलिस ने वाहन चालकों को किया सतर्क
पंचकूला/ 1 अक्टूबर:- पंचकूला पुलिस ने ई-चालान के नाम पर फर्जी संदेश भेजकर लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाने वाले साइबर अपराधियों से सावधान रहने के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि ट्रैफिक चालान के नाम पर मोबाइल पर प्राप्त किसी भी संदिग्ध मैसेज, लिंक या वेबसाइट पर बिना जांच-पड़ताल किए क्लिक न करें। साइबर अपराधी चालान कटने और जुर्माना तुरंत जमा करने का डर दिखाकर लोगों को फर्जी लिंक पर भेज रहे हैं, जहां बैंक खाता, डेबिट/क्रेडिट कार्ड, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी की जा सकती है।
साइबर थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह ने बताया कि साइबर ठग मोबाइल पर ऐसा संदेश भेजते हैं, जिसमें वाहन का चालान होने तथा जुर्माना तत्काल जमा करने की बात कही जाती है। मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद व्यक्ति फर्जी वेबसाइट पर पहुंच सकता है, जहां भुगतान के नाम पर बैंकिंग संबंधी जानकारी मांगी जाती है। कई मामलों में संदिग्ध लिंक के माध्यम से मोबाइल में मालवेयर या वायरस डाउनलोड होने का खतरा भी रहता है, जिससे साइबर अपराधी डिवाइस तक अनधिकृत पहुंच बनाने का प्रयास कर सकते हैं।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने नागरिकों को सलाह दी है कि ई-चालान से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए केवल आधिकारिक सरकारी पोर्टल का ही इस्तेमाल करें। किसी भी मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बजाय स्वयं आधिकारिक ई-चालान पोर्टल खोलकर वाहन का चालान चेक करें। किसी भी संदिग्ध लिंक, विशेषकर गैर-सरकारी डोमेन अथवा शॉर्ट लिंक पर क्लिक करने से बचें और ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, कार्ड विवरण या यूपीआई पिन किसी के साथ साझा न करें।
यदि कोई व्यक्ति गलती से संदिग्ध लिंक पर क्लिक कर देता है अथवा अपनी बैंकिंग जानकारी साझा कर देता है, तो तुरंत अपने बैंक से संपर्क कर संबंधित कार्ड, यूपीआई या नेट बैंकिंग सुविधा को सुरक्षित/ब्लॉक करवाएं। इसके साथ ही साइबर ठगी की सूचना बिना देरी के राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर दें और cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध मैसेज को नजरअंदाज करें और साइबर अपराधियों द्वारा बनाए जा रहे ऐसे फर्जी ई-चालान संदेशों के प्रति स्वयं भी जागरूक रहें तथा अपने परिवार और परिचितों को भी सतर्क करें।
Uklana, Hissar | Oct 1, 2026