
बारिश से बर्बाद फसलों पर गरमाई सियासत, बबलू तिवारी ने सीएम से मांगा शत-प्रतिशत मुआवजा
युवा सपा नेता ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, बोले—किसान अन्नदाता हैं, संकट की घड़ी में सरकार तत्काल दे राहत
बस्ती। विगत दिनों हुई मूसलाधार बारिश और प्रतिकूल मौसम के चलते रुधौली विधानसभा क्षेत्र में किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान को लेकर युवा सपा नेता बबलू तिवारी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर तत्काल राहत एवं मुआवजे की मांग की है। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश से खेतों में जलभराव की स्थिति बनी और किसानों की खड़ी फसलों को व्यापक क्षति पहुंची है। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
बबलू तिवारी ने मुख्यमंत्री से मांग की कि जिला प्रशासन को तत्काल प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय सर्वे कराने का निर्देश दिया जाए, ताकि फसल क्षति का वास्तविक आकलन हो सके। उन्होंने कहा कि सर्वे प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और जिन किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं, उन्हें उनकी क्षति के आधार पर शत-प्रतिशत मुआवजा दिलाया जाए।
उन्होंने कहा कि किसान देश और प्रदेश का अन्नदाता है। वह अपनी मेहनत और पसीने से पूरे समाज का पेट भरता है, लेकिन प्राकृतिक आपदा के कारण जब उसकी महीनों की मेहनत पल भर में बर्बाद हो जाती है तो सरकार की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। ऐसे समय में किसानों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल आर्थिक सहायता की जरूरत है।
युवा सपा नेता ने जिला प्रशासन से भी प्रभावित गांवों में पहुंचकर फसलों की स्थिति का जायजा लेने तथा नुकसान का निष्पक्ष आकलन कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को राहत पहुंचाने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।
Basti, Basti | Sep 28, 2026