स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाल किले से दिए संबोधन को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने निशाना साधा। लखनऊ में सपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर कहा कि “लाल किला ऐसी जगह नहीं है, जहां से झूठ बोला जाए।”
अखिलेश यादव ने कहा कि महिला आरक्षण कानून सितंबर 2023 में संसद से पारित हो चुका है। अगर सरकार वास्तव में महिलाओं को आरक्षण देना चाहती है तो इसे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे चुनाव लड़ने का इंतजार कर रही महिलाओं को अवसर मिलेगा।
सपा प्रमुख ने भाजपा के ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ आयोजन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगी संगठन विभाजन को जश्न के तौर पर देखते हैं। अखिलेश ने कहा कि देश संविधान से चलता है और संविधान मजबूत होगा तो लोकतंत्र भी मजबूत होगा।
तिरंगा यात्राओं को लेकर भी उन्होंने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनका राष्ट्रवाद एक रंग का है, जबकि सपा का राष्ट्रवाद बहुरंगी है और सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास करता है।
अखिलेश ने महंगाई, राशन वितरण, शिक्षा और स्कूलों के बंद होने को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 26 हजार स्कूल बंद किए गए हैं।
#AkhileshYadav #IndependenceDay #WomenReservation #NarendraModi #UttarPradesh