
बेटी की मौत मामले में पिता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, उच्च अधिकारियों से शिकायत की बात
सुसाइड नोट मिलने के बाद से आरोपी ताऊ ताई फरार,गिरफ्तारी पर उठे सवाल
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के हुसैनपुरा निवासी शशिकांत शर्मा ने अपनी बेटी यशी उर्फ नाव्या की मौत के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। एफआईआर में शशिकांत शर्मा ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी पर ताऊ लक्ष्मीकांत शर्मा और ताई राजेश्वरी देवी ने मोबाइल चोरी का आरोप लगाकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया था। एफआईआर के मुताबिक, 24 सितंबर को यशी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में पुलिस ने ताऊ-ताई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शशिकांत शर्मा का कहना है कि बेटी के सुसाइड नोट में ताई राजेश्वरी देवी का नाम स्पष्ट रूप से दर्ज होने के बावजूद आरोपी फरार क्यों हैं, इसको लेकर वह पुलिस अधिकारियों से सवाल करेंगे। उनका आरोप है कि एक आरोपी को पुलिस द्वारा पकड़े जाने के बाद छोड़ दिए जाने की भी जानकारी उन्हें मिली है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर वह एसपी सिटी, एसपी और एडीजी स्तर के अधिकारियों से शिकायत करेंगे।
पिता ने एफआईआर में लगाई गई धाराओं को लेकर भी आपत्ति जताई है। उनका आरोप है कि घटना की परिस्थितियों और बेटी द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट के आधार पर मामले में उचित धाराएं नहीं लगाई गई हैं। इसे लेकर भी उन्होंने उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।शशिकांत शर्मा ने कहा कि यदि उन्हें अधिकारियों के स्तर से न्याय नहीं मिला तो वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष अपनी शिकायत रखेंगे। वहीं पुलिस की ओर से पहले कहा गया है कि मामले में दर्ज रिपोर्ट के आधार पर विवेचना की जा रही है और तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।