महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। FDA का आरोप है कि विज्ञापन के जरिए महाराष्ट्र में प्रतिबंधित ‘विमल पान मसाला’ का अप्रत्यक्ष यानी सरोगेट प्रचार किया जा रहा है। तीनों अभिनेताओं को 11 अगस्त को नोटिस भेजकर 15 दिन के भीतर जवाब और स्पष्टीकरण मांगा गया है।
FDA के मुताबिक, विज्ञापन में ‘विमल’ नाम, प्रोडक्ट और डायलॉग का इस्तेमाल इस तरह किया गया है, जिससे ब्रांड का प्रचार होता दिखाई देता है। महाराष्ट्र में पान मसाला और तंबाकू उत्पादों पर प्रतिबंध लागू है। ऐसे में FDA का कहना है कि प्रतिबंधित उत्पाद का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष प्रचार भी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है।
इस मामले में दोष साबित होने पर संबंधित प्रावधानों के तहत जुर्माना लगाया जा सकता है। वहीं, महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाले के खिलाफ FDA का अभियान भी तेज है। 25 मई से 31 जुलाई के बीच 658 ठिकानों पर छापेमारी कर करीब ₹15.11 करोड़ का प्रतिबंधित स्टॉक जब्त किया गया। इस दौरान 519 FIR दर्ज हुईं और 701 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
#ShahRukhKhan #AjayDevgn #TigerShroff #VimalElaichi #MaharashtraFDA