
बिजली व्यवस्था को लेकर डीएम ने ग्रिड व सब-स्टेशनों का किया निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने का निर्देश
लखीसराय। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बड़हिया एवं विद्यापीठ चौक स्थित विद्युत ग्रिड सब-स्टेशनों के साथ निर्माणाधीन अशोक धाम पावर सब-स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्युत आपूर्ति, ट्रांसमिशन, ट्रिपिंग, कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
बड़हिया में निर्माणाधीन 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन का निरीक्षण करते हुए डीएम ने निर्माण कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। 40 एमवीए क्षमता वाले इस ग्रिड के चालू होने से बड़हिया क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति मजबूत होगी तथा अतिरिक्त बिजली उपलब्ध होने पर प्रतापपुर, बिरूपुर और खुटहा समेत अन्य PSS को भी आपूर्ति में मदद मिलेगी।
इसके बाद डीएम ने बड़हिया STP के सामने स्थित गंगा घाट का निरीक्षण कर जलस्तर और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने घाट पर आवश्यक बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विद्यापीठ चौक स्थित 132/33KV GSS के निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रांसमिशन, ट्रिपिंग एवं विद्युत उपलब्धता की जानकारी ली। करीब 150 मेगावाट क्षमता वाले इस GSS से जिले के 16 PSS को बिजली आपूर्ति की जाती है। डीएम ने निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अंत में उन्होंने निर्माणाधीन अशोक धाम PSS का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की और निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। मौके पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता सुमित सौरभ सहित संबंधित अधिकारी एवं अभियंता मौजूद रहे।