
कालपी में सड़क हादसे से लेकर फसल सर्वे तक दिनभर की प्रमुख खबरें
कालपी तहसील क्षेत्र में गुरुवार को सड़क हादसे, पुलिस समीक्षा बैठक, खरीफ फसल सर्वे, मारपीट, किसान समस्याओं और एक वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से जुड़ी कई घटनाएं सामने आईं।
भैंस से टकराई बाइक, पति घायल; पत्नी व दो बच्चियां बाल-बाल बचीं
हमीरपुर रोड पर बुधवार शाम बाइक के सामने अचानक भैंस आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
हादसे में 36 वर्षीय भारत कुमार घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी प्रतीक्षा और दो मासूम बच्चियां बाल-बाल बच गईं। एंबुलेंस कर्मियों ने घायल को सीएचसी कालपी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल उरई रेफर किया गया।
लंबित विवेचनाओं पर एसपी सख्त, वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश
कोतवाली कालपी में अपराध समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने तीन माह से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं पर नाराजगी जताई।
उन्होंने विवेचना अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में कालपी व आसपास के थानों के प्रभारी और उपनिरीक्षक मौजूद रहे।
बारिश से खराब खरीफ फसल का तत्काल सर्वे कराने के निर्देश
एसडीएम विनय कुमार मौर्य ने तहसीलदार श्रीश कुमार मिश्रा की मौजूदगी में नायब तहसीलदारों की बैठक लेकर बारिश से क्षतिग्रस्त खरीफ फसल का तत्काल सर्वे कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सर्वे रिपोर्ट जांच आख्या सहित प्रस्तुत करने को कहा, ताकि पात्र प्रभावित किसानों को सरकारी सहायता दिलाई जा सके।
तहसीलदार ने भी कसा पेच, शत-प्रतिशत फसल सर्वे पूरा कराने के निर्देश
तहसीलदार श्रीश कुमार मिश्रा ने नायब तहसीलदारों और राजस्व निरीक्षकों की बैठक लेकर डीसीएस खरीफ फसल सर्वे को शत-प्रतिशत पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लापरवाही मिलने पर संबंधित लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।
झगड़ रहे दो लोगों का पुलिस ने किया चालान
छौक चौकी क्षेत्र के लुहर गांव में कथित तौर पर आपस में झगड़ रहे अरविंद और राहुल को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई कर चिकित्सकीय परीक्षण के बाद संबंधित न्यायालय में पेश किया गया।
पुरानी रंजिश में मारपीट का आरोप, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
उसरगांव निवासी राकेश ने अपने चाचा धर्मेंद्र और उनके पुत्रों समेत तीन लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायत दी। पुलिस ने घायल का सीएचसी में चिकित्सकीय परीक्षण कराया और मामले में कार्रवाई शुरू कर दी।
किसानों ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
भारतीय किसान संगठन ने तहसील अध्यक्ष अजय पाल सिंह के नेतृत्व में एसडीएम को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। किसानों ने क्षतिग्रस्त खरीफ फसल का सर्वे, मुआवजा, रबी सीजन के लिए डीएपी-यूरिया की उपलब्धता तथा ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
शेखपुरगुढ़ा गांव में 60 वर्षीय चरन सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मामले में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
#Kalpi #KalpiNews #Jalaun #JalaunNews #Orai #HamirpurRoad #JalaunPolice #SPJalaun #VinayKumarSingh #SDMKalpi #TehsildarKalpi #KisanNews #KharifCrop #CropSurvey #KisanSangathan #BreakingNews #UPNews #Bundelkhand #KalpiPolice #CrimeNews #SonuMaharaj
Kalpi, Jalaun | Oct 1, 2026