मनरेगा से आवास तक गंभीर आरोप, अतरौली में ग्रामीणों ने मांगी जांच
ग्राम प्रधान पर फर्जी जॉब कार्ड, विकास कार्य कागजों में पूरा दिखाने और चहेतों के दरवाजे तक इंटरलॉकिंग कराने के आरोप
माधौगढ़ (जालौन)
विकासखंड माधौगढ़ की ग्राम सभा अतरौली में विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
ग्रामीणों ने तहसील समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास, इंटरलॉकिंग, नमामि गंगे योजना समेत विभिन्न विकास कार्यों में अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र में ग्रामीण माता प्रसाद ने आरोप लगाया कि वर्ष 2021 से अब तक ग्राम पंचायत में कराए गए मनरेगा कार्यों में ग्राम प्रधान के परिवार के सदस्यों के नाम पर जॉब कार्ड बनाकर उन्हें कार्यरत दिखाया गया।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि करीब सात सदस्यों के नाम पर कथित फर्जी जॉब कार्ड के माध्यम से कई वर्षों से मनरेगा में भुगतान लिया जा रहा है।
ग्रामीणों ने सांसद निधि, विधायक निधि, ब्लॉक निधि और जिला पंचायत क्षेत्र से प्राप्त धनराशि से कराए गए विकास कार्यों पर भी सवाल उठाए हैं।
आरोप है कि कई कार्य मौके पर दिखाई नहीं दे रहे, जबकि अभिलेखों में उन्हें पूर्ण दर्शाकर भुगतान किए जाने की शिकायत सामने आई है।
वहीं इंटरलॉकिंग कार्यों में भी पक्षपात के आरोप लगाए गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के आम रास्तों और जरूरत वाले स्थानों के बजाय कथित रूप से ग्राम प्रधान के चहेते एवं समर्थक लोगों के दरवाजों तक इंटरलॉकिंग कराई गई। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बताई जा रही है।
शिकायत में आवास योजना और नमामि गंगे योजना से जुड़े कार्यों को लेकर भी जांच की मांग की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि वर्ष 2021 से अब तक कराए गए विकास कार्यों, भुगतान, जॉब कार्ड और लाभार्थियों का स्थलीय सत्यापन एवं अभिलेखों की जांच कराई जाए तो स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह है कि शिकायत के बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच कब शुरू होती है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।
#Jalaun #Madhogarh #Atroli #MGNREGA #मनरेगा #आवासयोजना #विकासकार्य #ग्रामपंचायत #जांचकीमांग #ग्रामीणोंकीशिकायत #JalaunNews #BreakingNews #UPNews #Bundelkhand #FMNewsTV #SonuMaharaj
Ajeet Upadhyay
Kalpi, Jalaun | Oct 4, 2026