
नवरात्र महोत्सव पर श्री महाकाली एवं सौमित्रेश्वर महादेव मंदिर में होंगे विविध धार्मिक आयोजन
16 से 19 अक्टूबर तक डांडिया नृत्य, विशाल भजन संध्या, 34वां कलाकार सम्मान समारोह एवं चंडी यज्ञ का आयोजन
डीडवाना। श्री महाकाली एवं सौमित्रेश्वर महादेव मंदिर (अखाड़ा) में नवरात्र महोत्सव के अवसर पर चार दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। महाकाली माता मंदिर व्यवस्थापक सोहननाथ योगी ने बताया कि काली पूजा उत्सव आयोजन समिति की ओर से आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया है।आयोजन के तहत 16 एवं 17 अक्टूबर को रात्रि 8:15 बजे से डांडिया नृत्य का आयोजन होगा। इसके बाद 18 अक्टूबर को रात्रि 8:15 बजे से विशाल नृत्य भजन संध्या आयोजित की जाएगी। भजन संध्या में सीतामाली एंड पार्टी, जोधपुर द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। इसी अवसर पर 34वां कलाकार सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में 19 अक्टूबर को प्रातः 8:15 बजे से 1008 नारियलों के साथ सर्वजन चंडी यज्ञ का आयोजन रखा गया है। धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं की सहभागिता रहेगी तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की जाएगी। आयोजन समिति की ओर से जारी आमंत्रण में कहा गया है कि श्री महाकाली एवं सौमित्रेश्वर महादेव की असीम अनुकम्पा से नवरात्रा महोत्सव के तहत इन कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। समिति ने श्रद्धालुओं से सभी आयोजनों में उपस्थित होकर धार्मिक कार्यक्रमों का लाभ लेने की अपील की है। कार्यक्रम का आयोजन काली पूजा उत्सव आयोजन समिति के तत्वावधान में किया जा रहा है।