
*सीनियर सिटीजन्स फोरम की एजीएम में संविधान संशोधन प्रस्ताव पारित
--------------
85 वर्ष से अधिक आयु के सदस्यों के वोटिंग अधिकार रहेंगे सुरक्षित, अब केवल प्रधान पद के लिए होगा सीधा चुनाव
कुरुक्षेत्र, 27 सितंबर (कुरुक्षेत्र खबरनामा)। सीनियर सिटीजन्स फोरम कुरुक्षेत्र की वार्षिक आम सभा (एजीएम) एवं मासिक बैठक में संगठन के संविधान में महत्वपूर्ण संशोधन से संबंधित प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में संगठन के विस्तार, वरिष्ठ नागरिकों को दी जा रही सुविधाओं और आगामी गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य में वरिष्ठ सदस्यों को सम्मानित किया गया।
फोरम के प्रधान पी.सी. गुप्ता ने बताया कि जनरल बॉडी की बैठक में संविधान में आवश्यक बदलावों से संबंधित प्रस्ताव को सदस्यों की सहमति से पारित किया गया है। अब इसे आगामी प्रक्रिया के लिए रजिस्ट्रार के पास भेजा जाएगा। संशोधन के तहत 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ सदस्यों को वार्षिक शुल्क की अनिवार्यता में राहत देते हुए उनके मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया में भी बदलाव का प्रस्ताव पारित किया गया है। इसके अनुसार भविष्य में केवल प्रधान पद के लिए सीधा चुनाव कराया जाएगा। निर्वाचित प्रधान अपनी 11 सदस्यीय गवर्निंग बॉडी का चयन करेंगे। बैठक में फोरम की वार्षिक सदस्यता फीस 2500 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये करने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बॉक्स
वरिष्ठ सदस्यों को किया सम्मानित
पी.सी. गुप्ता ने बताया कि एक अक्टूबर को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य में फोरम की ओर से वरिष्ठ सदस्यों को सम्मानित किया गया। इनमें डॉ. पी.के. अग्रवाल, डॉ. ए.सी. नागपाल, इंजीनियर एस.के. शर्मा, नाथीराम गुप्ता और रामकुमार बंसल शामिल रहे। वरिष्ठ समाजसेवी एवं शिक्षक रहे 90 वर्षीय कुलदीप जी को विशेष रूप से शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
फोरम की परंपरा के अनुसार सितंबर माह में जन्म लेने वाले वरिष्ठ सदस्यों का जन्मदिन भी सामूहिक रूप से मनाया गया। सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
बॉक्स
एक साल में जुड़े 56 नए सदस्य
संगठन के विस्तार की जानकारी देते हुए प्रधान पी.सी. गुप्ता ने बताया कि पिछले एक वर्ष में फोरम से 56 नए सदस्य जुड़े हैं। आगामी चुनाव तक सदस्य संख्या को 200 के पार पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए वरिष्ठ नागरिकों को संगठन से जोड़ने और फोरम की गतिविधियों का विस्तार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बॉक्स
वरिष्ठ नागरिकों के लिए तैयार किया मेडिटेशन हॉल
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए फोरम परिसर में मेडिटेशन हॉल तैयार किया गया है। फिजियोथेरेपी सेंटर में भी फोरम के सदस्यों के साथ जिले के अन्य वरिष्ठ नागरिकों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पी.सी. गुप्ता ने कहा कि फोरम का प्रयास वरिष्ठ नागरिकों को ऐसा वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां वे एक परिवार की तरह मिल-जुलकर समय व्यतीत कर सकें। फोरम को वरिष्ठ नागरिकों के लिए घर जैसा माहौल देने के साथ उनकी सामाजिक सक्रियता और आपसी जुड़ाव को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में फोरम के महासचिव इंजीनियर सी.पी. गुप्ता, कुलदीप चंद गुप्ता, बलवीर सिंह बनवाला, चंद्र प्रकाश चुघ, जय नारायण धीमान, नानक चंद गिरहोत्रा, ओम प्रकाश मदान, पूनम गोयल, प्रभा अग्रवाल, सुनीता रानी, पूर्ण चंद गुप्ता, राम कुमार बंसल, श्री रोशन लाल मित्तल, सुभाष अग्रवाल, सुरेंद्र गोयल तथा बिजेंद्र कुमार जैन, मुख्य संरक्षक डॉ. ए.सी. नागपाल, उपप्रधान ओ.पी. गुलियानी, उपप्रधान गुरदयाल सिंह मलिक तथा महासचिव इंजीनियर सी.पी. गुप्ता सहित डॉ. डी.डी. शर्मा, नंदलाल गर्ग, योगेश शर्मा, इकबाल सिंह वड़ैच, सुनील गुप्ता, राजिंदर पराशर कथावाचक,बृजमोहन कलारा, सतपाल गुप्ता, अर्जुन गर्ग, विनोद गोयल, रमेश सिंघल, सुदर्शन गोयल, ललित कुमार जिंदल, गोरेलाल गुप्ता, सुशील अग्रवाल, धर्मवीर चौधरी, विपिन गोयल, राज कुमार सिक्का, ए.पी. जैन, राकेश कुमार, रविंद्र कुमार अग्रवाल, वी.के. वत्स, रणबीर रामपाल, के.सी. वर्मा, मुरारी लाल अग्रवाल, महेंद्र कोर, संध्या गुप्ता, निर्मल मित्तल, श्रीमती सिंघल, नीलम गोयल सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष सदस्य उपस्थित रहे।