
बछवाड़ा थाना पुलिस ने बैंक से पैसा निकाल कर ऑटो से घर जा रही एक महिला से 50 हजार रुपये छिनतई के मामले में दो आरोपियों से पूछताछ कर बुधवार को न्यायिक हिरासत बेगूसराय में भेज दिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कटिहार जिले के रतौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रतौरा गांव निवासी स्वर्गीय मुन्ना यादव के पुत्र विवेक कुमार यादव और संजय यादव के पुत्र पप्पू यादव के रूप में हुई है।
गौरतलब हो कि यह घटना मंगलवार को करीब 11:30 बजे हुई थी। जब चमथा दो पंचायत स्थित स्टेट बैंक से चमथा एक पंचायत के वार्ड संख्या 11 चमथा बालूपर निवासी उत्तम पासवान की पत्नी नीलम देवी 50 हजार रुपये निकालकर वह ऑटो से अपने घर जा रही थीं।
तभी गैस एजेंसी चमथा के पास एक मोटरसाइकिल सवार ने उनकी साड़ी पर गुटखा थूक दिया और कहा कि साड़ी पर गंदा लग गया है, इसे धो लीजिए।
तब पीड़िता ने ऑटो रुकवाकर पैसों वाला थैला एक दूसरी महिला को दिया और चापाकल पर साड़ी धोने चली गईं। इसी दौरान मौका देखकर बाइक सवार ने रुपयों वाला झोला लेकर भागने की कोशिश की। हालांकि, उक्त महिला, ऑटो चालक और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बाइक सवारों को पीछा कर पकड़ लिया गया।
इसके बाद घटना की सूचना बछवाड़ा पुलिस को दी गई। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों ने बाइक सहित दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया।
इस संबंध में इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि पीड़िता द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के पास से मिली बाइक भी चोरी की है और वे पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं।