बछवाड़ा प्रखंड स्थित नारेपुर झमटिया गंगा घाट पर गुरुवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत श्रमदान कर साफ-सफाई की गई एवं स्वच्छ समाज बनाने का संकल्प लिया गया।
इस दौरान डीआरडीए निदेशक बेगूसराय विवेक कुमार, बीपीआरओ बछवाड़ा विश्वनाथ कुमार, एसबीएम विकास कुमार, एमओ पंकज कुमार, प्रखंड उप प्रमुख धर्मेंद्र कुमार, एसआई गितेंद्र उपाध्याय सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी, पंचायत के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, जिला पार्षद, राजनीतिक दल के नेता और अलग-अलग पंचायत के स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं कर्मी समेत पुलिस बल मौजूद रहे।
गौरतलब हो कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गंगा घाट पर श्रमदान कर साफ-सफाई की गई एवं गांव, पंचायत, विद्यालय, कार्यालय, धार्मिक स्थल सहित विभिन्न जगहों पर श्रमदान कर स्वच्छ समाज बनाने का शपथ लिया गया।
डीआरडीए निदेशक विवेक कुमार, बीपीआरओ विश्वनाथ कुमार, रानी एक पंचायत की मुखिया गीता देवी, मुखिया संघ के अध्यक्ष अमरजीत कुमार राय, जिला पार्षद मनमोहन महतो एवं शिवगंगा समिति के अध्यक्ष नलनीरंजन राय ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत श्रमदान कर गंगा घाट की साफ-सफाई की गई है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत लोगों को प्रेरित किया जा रहा है कि अपना घर, गांव, पंचायत, कार्यालय, विद्यालय, धार्मिक स्थल एवं अन्य जगहों को स्वच्छ रखे, जब हम स्वच्छ रहेंगे, तो हम स्वस्थ रहेंगे।
पंचायत समिति सदस्य सिकंदर कुमार ने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन किया गया और सरकार के लाखों करोड़ों रुपए इसमें खर्च किए गए। लेकिन धरातल पर सिर्फ औपचारिकता निभाई जा रही है, जब अधिकारी आते हैं, तो साफ-सफाई की जाती है, अन्यथा गंदगी का अंबार लगा रहता है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर साफ-सफाई पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है एवं स्वच्छता कर्मियों का वेतन लंबित है। जब साफ-सफाई करने वालों का वेतन ही नहीं मिलेगा तो धरातल पर कितना काम हो सकेगा।
कांग्रेस नेता रणधीर यादव ने कहा कि दिखावे के लिए नारेपुर झमटिया गंगा घाट की साफ-सफाई होने से पूरे बछवाड़ा की साफ-सफाई नहीं हुई। यहां विभिन्न पंचायत के जनप्रतिनिधि आए यदि वह अपने-अपने पंचायत को ही साफ कर लेते तो बेहतर रहेगा। यह सिर्फ दिखावा था, लेकिन कचरो का अंबार लगा हुआ है।
मौके पर पंचायत सचिव शैलेश कुमार, चमथा दो पंचायत के मुखिया राकेश कुमार राय, दादूपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना यादव, रानी एक पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि प्यारे दास, उप सरपंच अर्जुन गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।