
*युवाओं के लिए साहस, विचार और राष्ट्रभक्ति के प्रेरणास्रोत हैं भगत सिंह : धर्मवीर सिंह
-जिन्दल हाउस में शहीद-ए-आजम को पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
कुरुक्षेत्र, 28 सितंबर (सोनिका वधवा)। शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह के जन्म दिवस पर सांसद नवीन जिन्दल के संसदीय कार्यालय जिन्दल हाउस में उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। उपस्थित गणमान्य लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके साहस, देशभक्ति और बलिदान को याद किया।
सांसद नवीन जिन्दल के संसदीय कार्यालय प्रभारी एवं पूर्व आईएएस धर्मवीर सिंह ने कहा कि शहीद भगत सिंह युवाओं के लिए साहस, विचार और राष्ट्रभक्ति के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका जीवन प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि भगत सिंह का बलिदान केवल इतिहास का अध्याय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। उनके विचारों और आदर्शों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।