
सिसौदिया कॉलोनी लूट का खुलासा, दो पारदी बदमाश गिरफ्तार
दोनों आरोपियों पर विभिन्न मामलों में कुल 49 हजार रुपए का इनाम था घोषित
गुना। सिसौदिया कॉलोनी में चौकीदार को बंधक बनाकर की गई लूट की वारदात का गुना पुलिस ने खुलासा करते हुए दो पारदी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंद्रभान उर्फ चंद्रया पारदी निवासी खेजरा और काकेश पारदी निवासी कनारी, थाना धरनावदा के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों पर विभिन्न आपराधिक मामलों में कुल 49 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार 1 सितंबर की रात सिसौदिया कॉलोनी निवासी श्रीकृष्ण राजौरिया के घर में बदमाश पीछे का दरवाजा तोड़कर दाखिल हुए थे। घर में मौजूद चौकीदार गजेन्द्र लोधा के हाथ बांधकर उसे गुलेल से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपी घर से तीन अमेरिकन घड़ियां, कैमरा, चांदी की पायल, दो चांदी के चूड़े और 10 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए थे।
मामले में कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 513/26 दर्ज कर जांच शुरू की थी। तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 27 सितंबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,300 रुपए नकद बरामद किए हैं। शेष सामान चंद्रभान की पत्नी के पास होना बताया गया है, जिसकी बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी चंद्रभान के खिलाफ गुना सहित गुजरात, इंदौर और रायसेन में हत्या, लूट, डकैती, चोरी, हत्या के प्रयास, मारपीट, बलवा और आर्म्स एक्ट सहित कुल 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसके खिलाफ पांच स्थाई वारंट भी जारी थे। चंद्रभान पर विभिन्न मामलों में 44 हजार रुपए, जबकि काकेश पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
इस कार्रवाई में गुना कोतवाली, कैंट, धरनावदा और साइबर सेल के साथ कोलारस थाना प्रभारी निरीक्षक पुनीत बाजपेयी एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
P.NEWZ INDIA | पत्रकार राम मनोहर मिश्रा
#Guna #SisodiyaColony #CrimeNews #PoliceAction #PNEWZINDIA #GunaPolice