विकास भवन में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
.
#हरदोई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विकास भवन परिसर में आयोजित समारोह में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती नेहा ब्याडवाल ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ। समारोह में न्यू व्हाइट पब्लिक स्कूल एवं जेके पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका को लेकर विचार व्यक्त किए।
मुख्य विकास अधिकारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण, जनसेवा और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के बाद सीडीओ ने पुलिस लाइन के सामने स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद आकांक्षा समिति की अध्यक्ष के रूप में समिति के सदस्यों के साथ महिलाओं को फल वितरित किए।
सीडीओ ने अलीपुर स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर वृद्धजनों से आत्मीयता से बातचीत की और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने वृद्धजनों को फल एवं अन्य सामग्री वितरित की। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वृद्धाश्रम के प्रबंधक डॉ. विपिन चंद्रवेदी एवं स्टाफ ने भी सहयोग किया। समारोह में राष्ट्रप्रेम के साथ सामाजिक सरोकार और जनसेवा का संदेश दिया गया।
#TheTelecast