
बालिकाओं को सिखाए सेहत के मंत्र, एनीमिया से बचाव का दिया संदेश
पोषण, माहवारी स्वच्छता और सुरक्षित जीवनशैली पर जागरूकता कार्यक्रम
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत महिला अधिकारिता विभाग की ओर से मंगरोप और भोली के राजकीय विद्यालयों में बालिका स्वास्थ्य, पोषण एवं एनीमिया रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उप निदेशक नगेन्द्र कुमार तोलम्बिया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केन्द्र की केन्द्र प्रबंधक गंगा दाधीच ने बालिकाओं को संतुलित आहार, आयरन व पोषक तत्वों की उपयोगिता, एनीमिया से बचाव तथा माहवारी स्वच्छता एवं प्रबंधन की जानकारी दी।
विधिक परामर्शदाता सुमन खोईवाल, मनो-सामाजिक परामर्शदाता सुनीता शर्मा एवं सामाजिक परामर्शदाता सीमा शर्मा ने किशोरावस्था में शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। बालिकाओं को किसी भी असुरक्षित स्थिति में अभिभावक, शिक्षक या हेल्पलाइन से मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी व गतिविधियों के जरिए जागरूकता बढ़ाई गई। विजेता बालिकाओं को पुरस्कार तथा सभी छात्राओं को गुड़-चना के पैकेट वितरित किए गए। प्रधानाचार्य वंदना कोशिक, रीना खोईवाल एवं शिल्पा सोलंकी ने बालिकाओं को शिक्षा के जरिए अपना भविष्य मजबूत बनाने का संदेश दिया।