सांसद ढुलू महतो के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हुआ पर्वतपुर कोल ब्लॉक का गेट जाम आंदोलन, नियोजन पर मिला आश्वासन
बोकारो:- जेएसडब्ल्यू के पर्वतपुर कोल ब्लॉक में स्थानीय रैयतों एवं मजदूरों द्वारा नियोजन की मांग को लेकर चल रहा गेट जाम आंदोलन मंगलवार को सांसद ढुलू महतो के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया। सांसद की पहल पर मिले आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने मुख्य गेट से अपना धरना समाप्त कर दिया और आवागमन सामान्य हो गया।
गौरतलब है कि सोमवार को स्थानीय रैयतों ने परियोजना के मुख्य द्वार को जाम कर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया था। आंदोलन के दौरान कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परियोजना परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया गया, जिससे कोल ब्लॉक का कार्य प्रभावित रहा।
घटना की सूचना पर बनगड़िया ओपी प्रभारी शुभम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में कंपनी के जीएम अनुप सिंह और रैयतों के बीच वार्ता हुई, लेकिन किसी भी मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी। रैयत नियोजन से वंचित सभी प्रभावित परिवारों को एकमुश्त रोजगार देने की मांग पर अड़े रहे।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उन्होंने परियोजना के लिए अपनी जमीन कंपनी को सौंप दी है, लेकिन अब तक प्रभावित परिवारों को रोजगार नहीं मिला है। उनका आरोप था कि राज्य सरकार से कोल ब्लॉक की लीज को मंजूरी मिलने के बावजूद कंपनी नियोजन के मामले में लगातार टालमटोल कर रही है। कई बार आवेदन और वार्ता के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं की गई।
वहीं, कंपनी प्रबंधन का कहना था कि लीज से संबंधित सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सभी पात्र रैयतों को एक साथ नियोजन दिया जाएगा। फिलहाल आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
इस दौरान चंदनकियारी के अंचल अधिकारी (सीओ) रवि कुमार आनंद भी मौके पर पहुंचे और प्रशासन की ओर से दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई। बाद में सांसद ढुलू महतो के हस्तक्षेप और सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद स्थानीय रैयतों एवं मजदूरों ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। हालांकि आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय में आश्वासन पर अमल नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।