
खंड शिक्षा अधिकारी ने राज्य शिक्षक पुरस्कार विजेता शैलेश कुमार को किया सम्मानित, शिक्षा जगत में हर्ष की लहर
भिवानी, 29 सितंबर : शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान पूरे समाज को नई प्रेरणा देता है। इसी कड़ी में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लेघा में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैरू के खंड शिक्षा अधिकारी महेन्द्र सिंह गिल, विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धारेडु के प्राचार्य अमित कुमार ने संयुक्त रूप से राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार विजेता एवं भौतिक विज्ञान प्रवक्ता शैलेश कुमार को सम्मानित किया। शैलेश कुमार को हरियाणा सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट और नवाचारी योगदान के लिए वर्ष 2025 के राज्य शिक्षक पुरस्कार से नवाजा गया है।
समारोह के दौरान अधिकारियों और शिक्षाविदों ने शैलेश कुमार द्वारा विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास और भौतिक विज्ञान को सरल एवं रुचिकर बनाने के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उपस्थित अतिथियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए कहा कि ऐसे कर्मठ शिक्षक ही राष्ट्र निर्माण की असली नींव रखते हैं। इस मौके पर कैरू के खंड शिक्षा अधिकारी महेन्द्र सिंह गिल ने कहा कि शैलेश कुमार जैसे समर्पित शिक्षक शिक्षा विभाग की अमूल्य धरोहर हैं। विज्ञान जैसे जटिल विषय को विद्यार्थियों के लिए सहज बनाना और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना उनकी कार्यकुशलता को दर्शाता है। राज्य सरकार द्वारा उन्हें दिया गया यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे कैरु खंड और हमारे शिक्षकों के परिश्रम का सम्मान है। यह उपलब्धि अन्य शिक्षकों को भी शिक्षण में नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।
प्राचार्य कृष्ण कुमार ने कहा कि हमारे विद्यालय के लिए यह अत्यंत गर्व और उल्लास का क्षण है। शैलेश कुमार ने निरंतर निष्ठा, अनुशासन और नवाचार के साथ विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया है। उनकी लगन का ही परिणाम है कि आज उन्हें राज्य स्तर पर यह पहचान मिली है। हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं और आशा करते हैं कि वे आगे भी शिक्षा जगत को इसी प्रकार आलोकित करते रहेंगे।
इस अवसर पर अन्न पाल, राकेश कुमार, सन्ध्या, बबीता शर्मा, अजय, विनोद, ज्योति, तरुणा, रामप्रताप, सुरेन्द्र, बांके बिहारी गुप्ता, अजय मान, पूनम, रेखा, मोनिका, निधि, राजेश प्रधान, संजय, मनोज, धर्मबीर और बृजमोहन शामिल सहित अन्य अध्यापकगण मौजूद रहे। इस दौरान राज्य शिक्षक पुरस्कार विजेता शैलेश कुमार को प्रधानमंत्री अवॉर्डी शिक्षक लक्ष्मण गौड ने भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी।