दिसंबर टर्म परीक्षा के लिए आईसीएमएआई भिवानी चैप्टर ने लगाया हेल्प डेस्क, आवेदन प्रक्रिया में छात्रों को दिया मार्गदर्शन
परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर, अंतिम समय की असुविधा से बचने के लिए समय पर आवेदन की अपील
भिवानी, 01 अक्तूबर : दिसंबर टर्म परीक्षा 2026 के लिए विद्यार्थियों को परीक्षा आवेदन पत्र भरने एवं जमा करने की प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से भारतीय लागत लेखाकार संस्थान (आईसीएमएआई) भिवानी चैप्टर द्वारा वीरवार को एक समर्पित हेल्प डेस्क का आयोजन किया गया। हेल्प डेस्क के माध्यम से विद्यार्थियों को परीक्षा आवेदन प्रक्रिया, आवेदन पत्र भरने, ऑनलाइन जमा करने की प्रक्रिया तथा परीक्षा से संबंधित विभिन्न प्रश्नों एवं समस्याओं के समाधान के संबंध में व्यापक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए आवश्यक जानकारी एवं सहायता भी उपलब्ध कराई गई। आईसीएमएआई भिवानी चैप्टर के चेयरमैन सीएमए संदीप शर्मा ने विद्यार्थियों को परीक्षा आवेदन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया तथा उनकी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं के त्वरित समाधान में सहयोग किया। इस पहल के सफल आयोजन में वाइस चेयरमैन सीएमए दीपक मेहता, सचिव सीएएम विजय कुमार शर्मा तथा भिवानी चैप्टर के प्रबंध समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग एवं योगदान रहा। दिसंबर टर्म परीक्षा 2026 के लिए परीक्षा आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर निर्धारित है। विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना परीक्षा आवेदन पत्र भरकर जमा करें, ताकि अंतिम समय में होने वाली किसी भी असुविधा से बचा जा सके। हेल्प डेस्क का बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने लाभ उठाया तथा परीक्षा आवेदन पत्र भरने, जमा करने से संबंधित प्रश्नों एवं अन्य परीक्षा संबंधी विषयों पर आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। यह पहल विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी रही तथा इससे उन्हें परीक्षा आवेदन प्रक्रिया को सुचारु एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने में आवश्यक सहयोग प्राप्त हुआ। सीएमए भिवानी चैप्टर विद्यार्थियों को निरंतर आवश्यक शैक्षणिक एवं प्रशासनिक सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा विद्यार्थियों से अपेक्षा करता है कि वे उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं और आवश्यकता पडऩे पर चैप्टर से मार्गदर्शन प्राप्त करें।