
*रीवा के सर्राफा मार्केट फोर्ट रोड स्थित ऐतिहासिक दुर्गा मंदिर में दिनदहाड़े माता की सोने की आंख चोरी से हड़कंप, वारदात CCTV में कैद, कोतवाली पुलिस ने चंद घंटों में दो आरोपियों को दबोचा*
*मुख्य आरोपी रामजी सोनी उर्फ पप्पू गिरफ्तार, चोरी का सोना खरीदने वाला शारदा प्रसाद भी हिरासत में, सोने की आंख की बरामदगी के प्रयास तेज, सर्राफा मार्केट मंडल ने पुलिस की तत्परता पर जताया आभार*
रीवा। रीवा शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले सर्राफा मार्केट, फोर्ट रोड स्थित ऐतिहासिक दुर्गा मंदिर में दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। मंदिर में स्थापित माता की प्रतिमा की सोने की आंख चोरी हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी भीड़-भाड़ वाले समय में मंदिर में दर्शन करने के बहाने घुसा और मौका पाकर माता की सोने की आंख पर हाथ साफ कर दिया। गनीमत रही कि मंदिर में लगे CCTV कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई, जिससे पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में आसानी हुई।
घटना की जानकारी लगते ही मंदिर समिति और स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने CCTV फुटेज को खंगाला और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
*फुटेज के आधार पर चंद घंटों में गिरफ्तारी*
कोतवाली पुलिस ने फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रामजी सोनी उर्फ पप्पू को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि चोरी के बाद उसने सोना बेच दिया था। पुलिस ने चोरी का सोना खरीदने के आरोप में दूसरे आरोपी शारदा प्रसाद को भी पकड़ लिया है। दोनों से कोतवाली थाने में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस सोने की आंख की बरामदगी के प्रयास में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
इधर, सर्राफा मार्केट मंडल और मंदिर समिति ने पुलिस की इस तत्परता पर आभार जताया है और आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी गया सामान बरामद कर लिया जाएगा।
Mauganj, Rewa | Sep 28, 2026