Public App Logo
स्वतंत्रता दिवस पर अमित मैखंडी की पहल, 125 विद्यार्थियों के चेहरे पर आई मुस्कान!! रुद्रप्रयाग। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीमांत क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज त्रियुगीनारायण में विद्यार्थियों के उत्साह और उमंग को नई ऊर्जा देने वाला कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण एवं प्रदेश मंत्री, भारतीय जनता युवा मोर्चा अमित मैखंडी ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को 125 ट्रैकसूट वितरित किए। ट्रैकसूट पाकर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। स्वतंत्रता दिवस के रंग में रंगे विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित मैखंडी ने कहा कि ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का भविष्य केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल, संस्कृति और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में उनकी भागीदारी भी उनके सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में देश और प्रदेश की दिशा तय करेंगे। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की है। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प भी दिलाया गया। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के लिए ट्रैकसूट उपलब्ध कराने की पहल की सराहना करते हुए अमित मैखंडी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। समारोह ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया। - Rudraprayag News