मुरैना के खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता सस्पेंड, रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस प्रकरणों में लापरवाही के लिए हुई कार्यवाही👇
मुरैना। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में लापरवाही के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश के आयुक्त मनोज पुष्प द्वारा की गई है।
विभागीय समीक्षा के दौरान खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन से जुड़े 17 प्रकरण 30 दिन से अधिक समय से लंबित पाए गए। प्रकरणों के निराकरण में हुई देरी को विभाग ने गंभीर शासकीय लापरवाही और स्वेच्छाचारिता माना।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने अवनीश गुप्ता के निलंबन के आदेश जारी किए हैं। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जिला गुना स्थित उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन कार्यालय निर्धारित किया गया है।