
*चंवरा के बालाजी से बड़लियास बगीची तक निकली विशाल कांवड़ यात्रा, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा मार्ग*
आकोला (रमेश चन्द डाड) सावन माह के पावन अवसर पर रविवार को बड़लियास में श्री चंवरा के बालाजी मंदिर से बड़लियास बगीची के बालाजी मंदिर तक विशाल कांवड़ यात्रा निकाली गई। कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
यात्रा का शुभारंभ श्री चंवरा के बालाजी मंदिर में पुजारी रोशन वैष्णव द्वारा महाआरती के साथ हुआ। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसके पश्चात सखी मित्र मंडल के कांवड़ियों ने कांवड़ लेकर बड़लियास बगीची के बालाजी मंदिर के लिए प्रस्थान किया।
यात्रा के दौरान “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय हो उठा। कांवड़ियों का जगह-जगह स्वागत किया गया।
यात्रा के दौरान मांडलगढ़ विधायक प्रतिनिधि मुकेश खंडेलवाल एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य दिलीप सिंह राणावत ने सखी मित्र मंडल के सभी कांवड़ियों का स्वागत किया।
बड़लियास बगीची के बालाजी मंदिर पहुंचने पर सभी कांवड़ियों ने विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की और कांवड़ में लाए पवित्र जल से भगवान महादेव का जलधारा अभिषेक किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।
धार्मिक आस्था और भक्ति से सराबोर इस विशाल कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन सखी मित्र मंडल, बड़लियास के तत्वावधान में किया गया।