
गगवाना पुलिया पर ब्लाइंड मर्डर का जिला पुलिस कप्तान ने किया खुलासा, टैक्सी चालक की हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार,गाजियाबाद से दबोचे गए दोनों आरोपी, हादसा दिखाने के लिए शव को कार में रखकर किया था एक्सीडेंट का प्रयास
अजमेर। गगवाना पुलिया के पास हाईवे किनारे 21 सितंबर को लावारिस हालत में खड़ी यूपी नंबर की कार में मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में दो आरोपियों कौशल सिंह और सूरज सिंह को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। दोनों पर टैक्सी चालक की सुनियोजित तरीके से हत्या कर घटना को सड़क हादसा दिखाने का प्रयास करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार 21 सितंबर की सुबह गगवाना पुलिया के पास हाईवे किनारे खड़ी कार में एक व्यक्ति का शव मिला था। मृतक की पहचान टैक्सी चालक श्रीकांत तिवारी निवासी विध्याधर नगर, जयपुर के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने टैक्सी चालक को सुनियोजित तरीके से अपने झांसे में लिया और उसकी हत्या करने के बाद मामले को एक्सीडेंट का रूप देने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर और दिल्ली एनसीआर में दबिश दी। करीब तीन दिन की लगातार कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने टैक्सी चालक की हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चालक से लूट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया था। वारदात के बाद शव को कार में रखकर सड़क किनारे खड़ी पिकअप से टकराकर घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कौशल सिंह (26) और सूरज सिंह (22), दोनों निवासी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने हत्या की पूरी साजिश और वारदात में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका को लेकर भी जांच शुरू कर दी है।
Ajmer Police Rajasthan
Ajmer, Ajmer | Sep 29, 2026