
जालौन में औचक निरीक्षण से हड़कंप, गैरहाजिर कर्मचारियों पर गिरी गाज
एक दिन का वेतन रोककर मांगा स्पष्टीकरण, एआरटीओ कार्यालय में अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
जालौन जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर बुधवार को जनपद के सरकारी कार्यालयों में सघन औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
विकास भवन, लोक निर्माण विभाग, एआरटीओ, विद्युत एवं शिक्षा विभाग समेत विभिन्न कार्यालयों में अधिकारियों ने कर्मचारियों की उपस्थिति, अभिलेख, लंबित प्रकरण, साफ-सफाई और जनसुविधाओं की पड़ताल की।
विकास भवन के कई विभागों में अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित मिले। बिना पूर्व सूचना या स्वीकृत अवकाश के गैरहाजिर पाए गए कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के साथ स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए गए। एआरटीओ कार्यालय में भी तीन कर्मचारी बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित मिले।
निरीक्षण के दौरान एआरटीओ कार्यालय में महत्वपूर्ण पुरानी पत्रावलियां खुले में मिलने और साफ-सफाई खराब पाए जाने पर नाराजगी जताई गई। अभिलेखों को सुरक्षित रखने और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं सर्वर समस्या और सूचना पट्ट के अभाव की शिकायत पर भी आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
बेसिक शिक्षा कार्यालय में पेंशन-जीपीएफ तथा जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में पुरानी ऑफलाइन शिकायतें लंबित मिलीं। अधिकारियों को इनका शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण अभियान से कार्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति और कामकाज को लेकर सख्ती का संदेश गया।
#Jalaun #DMJalaun #SamirDM #JalaunNews #Orai #Kalpi #BreakingNews #GovernmentOffices #SurpriseInspection #ARTO #PWD #ElectricityDepartment #EducationDepartment #JalaunAdministration #UttarPradesh
Kalpi, Jalaun | Sep 30, 2026