तिरंगा यात्रा में गूंजे देशभक्ति के स्वर, छात्रों के उत्साह ने बढ़ाया जोश
शिक्षा विभाग के तत्वाधान में बाजपुर ब्लॉक से मुंडिया चौराहे तक निकाली गई भव्य यात्रा
बाजपुर। शिक्षा विभाग के तत्वाधान में गुरुवार सुबह बाजपुर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। बाजपुर ब्लॉक से मुंडिया चौराहे तक निकाली गई इस यात्रा में स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ पूरे मार्ग को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। तिरंगा यात्रा में भाजपा नेता गौरव शर्मा भी शामिल हुए। उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा में सहभागिता की और कहा कि बच्चों के हाथों में लहराता तिरंगा तथा उनकी आंखों में देश के प्रति सम्मान देखकर यह विश्वास और मजबूत होता है कि देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। गौरव शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों में देशप्रेम, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और संस्कार का यही समन्वय भारत को विश्व गुरु बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण पूरी तरह राष्ट्रमय बना रहा। कार्यक्रम में शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रीय नागरिकों की भी सक्रिय भागीदारी रही। अंत में उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश की एकता-अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन जय हिन्द, जय भारत के उद्घोष के साथ हुआ।