बाजपुर न्यूज
हाईवे किनारे कूड़ा डलवाने का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश—ग्राम प्रधान की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
बाजपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-74 स्थित ग्राम कनौरा में सड़क किनारे कूड़ा डाले जाने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने रास्ते में टुकटुक से कूड़ा डालते हुए एक व्यक्ति को पकड़ लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने कूड़ा डालने का विरोध करते हुए उसे भविष्य में इस स्थान पर कूड़ा न डालने की हिदायत दी। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में सफाई व्यवस्था के नाम पर कूड़े का उचित निस्तारण कराने के बजाय उसे कभी हाईवे किनारे तो कभी गांव की सड़कों पर डलवाया जा रहा है। इससे जहां आसपास गंदगी का अंबार लग रहा है, वहीं दुर्गंध, मच्छर और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस व्यवस्था से गांव को स्वच्छ रखने की उम्मीद थी, वही व्यवस्था अब ग्रामीणों के लिए बीमारियों का खतरा बनती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों और हाईवे किनारे कूड़ा फेंकना स्वच्छता व्यवस्था की खुली अनदेखी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर यह पता लगाए कि हाईवे व गांव की सड़कों पर कूड़ा किसके निर्देश पर डलवाया जा रहा है। साथ ही जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और गांव में कूड़ा निस्तारण की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अब सवाल यह है कि खुले में कूड़ा डलवाने की शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कब जागेंगे और ग्रामीणों को गंदगी व बीमारियों के खतरे से कब निजात मिलेगी?