
डांडिया नाइट में प्रवेश व्यवस्था और धार्मिक स्वरूप की जांच की मांग
#विहिप-#बजरंग #दल ने #सिटी #मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन, आयोजनों में सुरक्षा और मर्यादा सुनिश्चित कराने की मांग
#बरेली। #नवरात्र के दौरान शहर में प्रस्तावित डांडिया नाइट कार्यक्रमों को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने प्रशासन के समक्ष कई मांगें रखी हैं। संगठन की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर कार्यक्रमों की वास्तविक प्रकृति, आयोजकों की जिम्मेदारी, प्रवेश व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच कराने की मांग की गई। इस संबंध में संगठन पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता कर अपनी बात रखी।
प्रेस वार्ता में पदाधिकारियों ने कहा कि अक्टूबर माह में बरेली जनपद में विभिन्न स्थानों पर डांडिया नाइट के कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी मिल रही है। संगठन ने कुछ कार्यक्रमों के आयोजकों में मुस्लिम व्यक्तियों के शामिल होने का दावा करते हुए प्रशासन से आयोजनों की प्रकृति और व्यवस्थाओं की विधिवत जांच कराने का आग्रह किया।
ज्ञापन में कहा गया कि डांडिया और नवरात्र से जुड़े आयोजनों में माता दुर्गा की पूजा-अर्चना तथा धार्मिक परंपराओं का विशेष महत्व है। संगठन ने प्रशासन से आग्रह किया कि यदि किसी कार्यक्रम को धार्मिक आयोजन के रूप में अनुमति दी जाती है तो वहां धार्मिक परंपराओं के अनुरूप पूजा-अर्चना और आरती की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
प्रवेश व्यवस्था की मांग
विहिप-बजरंग दल ने मांग की कि ऐसे कार्यक्रमों में प्रवेश व्यवस्था स्पष्ट और पारदर्शी हो। संगठन ने गैर-हिंदू लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने तथा प्रवेश के समय पहचान पत्र के माध्यम से सत्यापन किए जाने की मांग रखी। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और महिला सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम आयोजकों की ओर से सुनिश्चित कराने की मांग की गई।
अश्लील गीत-संगीत और नशे पर रोक
ज्ञापन में कार्यक्रमों में अश्लील, आपत्तिजनक अथवा धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गीत-संगीत के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की गई। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर मादक पदार्थों और नशीले पदार्थों के सेवन को पूरी तरह प्रतिबंधित रखने तथा नशे की अवस्था में किसी व्यक्ति को प्रवेश नहीं देने की मांग की गई।
संगठन ने प्रशासन से कहा कि कार्यक्रमों को अनुमति देते समय कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, आयोजन की जिम्मेदारी और धार्मिक-सामाजिक संवेदनशीलता से जुड़े सभी पहलुओं का ध्यान रखा जाए।
कार्रवाई नहीं हुई तो कार्यक्रम बंद कराने की चेतावनी
ज्ञापन में बजरंग दल की ओर से कहा गया कि प्रशासन उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक वैधानिक एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराए। साथ ही संगठन ने चेतावनी दी कि यदि नियमों का पालन नहीं कराया गया तो वह ऐसे कार्यक्रमों को बंद कराने के लिए स्वयं हस्तक्षेप करेगा। संगठन ने किसी भी अप्रिय स्थिति के लिए प्रशासन और आयोजकों को जिम्मेदार ठहराने की बात कही है।
प्रेस वार्ता में बजरंग दल बरेली महानगर संयोजक केवलमंद गौड़, सहसंयोजक निखिल गंगवार, महानगर गौ रक्षा प्रमुख आशीष शर्मा, महानगर सुरक्षा प्रमुख रोहित भसीन, महानगर विद्यार्थी प्रमुख सचिन कुमार के अलावा जितेंद्र कुमार, सोनू, प्रियांशु शर्मा, प्रशांत सिंह, वीरेंद्र यादव, सचिन सक्सेना, आशीष सक्सेना और निकुंज साहू समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Bareilly news Live