मऊ में संपूर्ण समाधान दिवस, DM आनंद वर्द्धन ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
मऊ के तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 111 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं 9 मामलों के त्वरित समाधान के लिए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर भेजी गईं। प्राप्त शिकायतों में सबसे ज्यादा 62 शिकायतें राजस्व विभाग से जुड़ी रहीं, जबकि 18 शिकायतें पुलिस और 11 शिकायतें विकास विभाग से संबंधित थीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता की संतुष्टि का भी ध्यान रखा जाए और किसी भी स्तर पर शिकायत लंबित न रहे। इस दौरान एसपी कमलेश बहादुर और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।