जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में पर्यटन विकास योजनाओं एवं कला एवं संस्कृति विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान निर्माणाधीन पर्यटन परियोजनाओं की प्रगति तथा जिला युवा उत्सव-2026 के आयोजन की तैयारियों की जानकारी ली गई।
पर्यटन योजनाओं की समीक्षा के क्रम में मंदार स्थित कामधेनु मंदिर परिसर में जी+2 गेस्ट हाउस निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति लगभग 90 प्रतिशत पाई गई। वहीं, ओढ़नी डैम में थीम पार्क एवं पार्किंग निर्माण कार्य की प्रगति लगभग 58 प्रतिशत तथा थीम पार्क के अन्य कार्यों की प्रगति लगभग 60 प्रतिशत पाई गई। मंदार हिल स्थित पापहरणी झील में मल्टीमीडिया लेजर लाइट एंड साउंड शो के इंस्टॉलेशन कार्य की प्रगति लगभग 50 प्रतिशत बताई गई। कार्यों की धीमी प्रगति पर जिला पदाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि बांका जिले में धार्मिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से जिले के विकास एवं स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
कला एवं संस्कृति विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिला युवा उत्सव-2026 का आयोजन 31 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे से चंद्रशेखर सिंह नगर भवन, बांका में किया जाएगा। इसके अंतर्गत चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, लोकगीत एवं लोकनृत्य की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इच्छुक प्रतिभागियों का ऑडिशन 30 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 09:00 बजे से अपराह्न 02:00 बजे तक इसी स्थल पर होगा।
जिला पदाधिकारी ने कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को उत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला स्तरीय उत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राज्यस्तरीय युवा उत्सव के लिए चयनित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने एवं पहचान स्थापित करने का अवसर मिलेगा।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और युवा उत्सव के सफल आयोजन हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Banka, Bihar | Oct 14, 2026