जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा अमरपुर-बांका पथ पर बांका प्रखंड अंतर्गत सैजपुर में ओड़नी नदी पर निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने पुल निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसी को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। विभागीय स्तर से उक्त पुल के निर्माण कार्य को 20 नवंबर 2026 तक पूर्ण किए जाने की संभावित तिथि निर्धारित है। जिला पदाधिकारी ने निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप निर्माण कार्य में आवश्यक तेजी लाने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एप्रोच पथ के आसपास कुछ पेड़ों की टहनियां सड़क के निकट आ रही हैं। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यकतानुसार टहनियों की छंटाई कराने का निर्देश दिया, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला पदाधिकारी ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि पुल का निर्माण पूर्ण होने के बाद आमजनों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
36 views | Banka, Bihar | Oct 13, 2026