Public App Logo
हनुमान जोहड़ी धाम में कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मानव जीवन को बनाता है धन्य : चरणदास महाराज भिवानी, 18 अगस्त : छोटी काशी भिवानी के हनुमान जोहड़ी धाम में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा एवं गाजे-बाजे के साथ हुआ। भक्तिमय वातावरण के बीच आयोजित इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर सहभागिता की। कथा का वाचन हरिद्वार से पधारे कथावाचक श्रीस्वामी विवेकानंद सरस्वती महाराज द्वारा किया जाएगा। इस दौरान कलश यात्रा में कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में किरण गुप्ता धर्मपत्नी सुशील गुप्ता तथा गुरुग्राम से पधारीं लक्ष्मी सैनी धर्मपत्नी वेद सैनी पहुंचे। कलश यात्रा के उपरांत कथावाचक श्रीस्वामी विवेकानंद सरस्वती महाराज ने भागवत कथा के महत्व से श्रद्धालुओं को रूबरू कराया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा दिखाने वाला अमृत मंथन है। जब-जब समाज में भक्ति और सनातन मूल्यों का विस्तार होता है, तब-तब सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इस मौके पर मंदिर के महंत बालयोगी चरणदास महाराज ने कहा कि भागवत कथा के श्रवण से मनुष्य के जन्म-जन्मांतर के पाप कट जाते हैं और मन में शांति व विचारों में शुद्धता आती है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा रसपान करने तथा अपने जीवन को कृतार्थ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भक्ति, ज्ञान और वैराग्य की प्राप्ति का सबसे सरल मार्ग श्रीमद्भागवत कथा का आश्रय लेना ही है। आगामी दिनों तक चलने वाले इस ज्ञान यज्ञ को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। - Bhiwani News