#kullu विश्व पर्यटन दिवस पर जाणा वॉटरफॉल में चला व्यापक स्वच्छता अभियान,
स्थानीय समुदायों ने किया श्रमदान
देसी चैनल कुल्लू जाणा/नगर
विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य पर ग्राम पंचायत जाणा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जाणा वॉटरफॉल में एक विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) नगर के निर्देशानुसार इस महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल को स्वच्छता अभियान हेतु विशेष रूप से चिन्हित किया गया था, जिसके तहत आज पूरे वॉटरफॉल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन सफाई की गई।
ग्राम पंचायत जाणा के प्रधान लक्ष्मण ठाकुर ने इस अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि पर्यटन हमारे क्षेत्र की रीढ़ है और प्राकृतिक सौंदर्य को संजोए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य के साथ पंचायत की अगुवाई में यह अभियान चलाया गया, जिसमें स्थानीय ढाबा संचालकों, पट्टू व पारंपरिक उत्पाद विक्रेताओं और रेहड़ी-फड़ी संचालकों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इसके साथ ही क्षेत्र की महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों ने भी आगे आकर श्रमदान किया और भारी मात्रा में कचरा व प्लास्टिक एकत्रित कर उसका उचित निपटारा सुनिश्चित किया।
प्रधान लक्ष्मण ठाकुर ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले सभी व्यवसायियों, मातृशक्ति और स्थानीय ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देवभूमि के प्राकृतिक स्थलों को स्वच्छ और प्लास्टिक-मुक्त रखना ही यहाँ आने वाले पर्यटकों के लिए सबसे बड़ा सत्कार है। उन्होंने सभी व्यापारियों और पर्यटकों से भी भविष्य में स्वच्छता नियमों की पालना करने और पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
देसी चैनल देवभूमि कुल्लू देसी चैनल कुल्लू देसी चैनल कुल्लू
Kullu, Kullu | Sep 27, 2026