गांधी जयंती पर वार्ड नंबर 4 में स्वच्छता अभियान आयोजित...
सोलन, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आज नगर निगम सोलन के वार्ड नंबर 4 में स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान पार्षद रोहित भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
पार्षद रोहित भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में देशभर में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। गांधी जयंती को स्वच्छता दिवस के रूप में मनाने का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ वार्ड, स्वच्छ सोलन और स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। केवल अभियान चलाना ही नहीं, बल्कि स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाना ही गांधी जी के स्वच्छता संबंधी विचारों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर रिपुदमन सिंह, लेखराज राणा, रमेश शर्मा, टी.डी. शर्मा, हेमराज चौहान, मंगलेश राजपूत, दीपांकर शर्मा, रविंद्र गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
पार्षद रोहित भारद्वाज ने अभियान में सहभागी सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड नंबर 4 को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए इसी प्रकार के सामूहिक प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
Solan, Solan | Oct 2, 2026