भागलपुर, 16 अगस्त 2026। श्रावणी मेला 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन, भागलपुर द्वारा पर्यटन विभाग तथा कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में धांधी बेलारी महाशिविर एवं सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट के सांस्कृतिक मंच पर पूरे सावन माह भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। 28 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन आयोजित इन कार्यक्रमों में भागलपुर सहित बिहार एवं देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकारों द्वारा गायन, वादन, नृत्य एवं नृत्य-नाटिका की मनोहारी प्रस्तुतियां दी जा रही हैं।
आज धांधी बेलारी महाशिविर के सांस्कृतिक मंच पर कलाकार अमन कुमार अमन, किसलय सागर एवं बैबी देवी ने भगवान शिव को समर्पित भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर कांवरियों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं को शिवभक्ति के रंग में रंग दिया। कलाकारों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूमते और तालियां बजाते नजर आए। कार्यक्रम का सफल संचालन उद्घोषक गौरव कुमार ने किया।
वहीं, सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट स्थित मुख्य सांस्कृतिक मंच पर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। विजय कुमार सिंह, पटना एवं अभिजीत आनंद, पटना ने गायन की आकर्षक प्रस्तुति दी। महिला एवं बाल विकास केंद्र, पटना द्वारा भी गायन प्रस्तुत किया गया, जबकि महिमा, राजेन्द्रनगर, पटना ने लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर बिहार की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक परंपरा की झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम का उद्घोषण सुधीर कुमार ने किया।
वाद्य संगीत में पैड पर नेपाली कुमार, तबला पर मुकेश कुमार मिश्रा, ऑर्गन पर चंदन कुमार तथा बैंजो पर मो. आईन ने अपनी संगत से प्रस्तुतियों को और अधिक प्रभावशाली बनाया। ‘चले भोले के द्वार’ एवं ‘नंगे पांव चले हैं बाबा’ जैसे शिव भजनों की प्रस्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और उपस्थित श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में डूब गए। ‘बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है’ एवं ‘बोल बम-बोल बम’ की गूंज से नमामि गंगे घाट का पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालु भक्ति संगीत की धुन पर झूमते नजर आए।
स्थानीय कलाकारों द्वारा भगवान शिव को समर्पित प्रार्थना रूपी भजनों की प्रस्तुति के माध्यम से समाज के कल्याण, सुख-शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना की गई। कार्यक्रम में बिहार की लोक संगीत परंपरा, शिवभक्ति एवं विविध सांस्कृतिक विधाओं का सुंदर समागम देखने को मिला।
धांधी बेलारी महाशिविर के मंच पर कार्यक्रम के दौरान अंकित रंजन, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी; सुधीर कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी; दुर्गा शंकर, निदेशक, डीआरडीए; अमर मिश्रा, निदेशक, एनईपी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नमामि गंगे घाट के मुख्य सांस्कृतिक मंच पर अलंकृता पाण्डेय, जिला पदाधिकारी, भागलपुर एवं रवि राकेश, उप विकास आयुक्त, भागलपुर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, कांवरियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित सुधी दर्शकों ने श्रावणी मेला के दौरान आयोजित किए जा रहे इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करने के साथ-साथ बिहार की समृद्ध कला, संस्कृति एवं लोक परंपराओं को भी व्यापक मंच प्रदान करते हैं।
कलाकारों ने भी जिला प्रशासन एवं कला एवं संस्कृति विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रावणी मेला जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में कलाकारों को अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिलना गौरव की बात है। जिला प्रशासन के सहयोग एवं समर्पण के लिए कलाकारों ने मंच से धन्यवाद ज्ञापित किया।
श्रावणी मेला 2026 के दौरान प्रतिदिन आयोजित हो रहे ये सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए आस्था, भक्ति और मनोरंजन का विशेष आकर्षण बने हुए हैं। जिला प्रशासन का यह प्रयास श्रावणी मेला की धार्मिक गरिमा के साथ-साथ बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
Department of Tourism, Government of Bihar
District Administration Patna
DM Darbhanga
District Administration, Madhubani
Madhepura District Administration
Banka District Administration
Bhagalpur District Administration
Information & Public Relations Department, Government of Bihar