Public App Logo
7 साल के कराटे चैंपियन गीतांक आयुष को डीएम सावन कुमार ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुपौल के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान जिले के होनहार 7 वर्षीय कराटे खिलाड़ी गीतांक आयुष को जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पिपरा प्रखंड के रामनगर वार्ड नंबर-16 निवासी अजय कुमार मंडल के पुत्र गीतांक आयुष ने नेशनल कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। महज सात वर्ष की उम्र में राष्ट्रीय स्तर की कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करना गीतांक आयुष की प्रतिभा, मेहनत और लगन का परिचायक है। अपनी इस उपलब्धि के माध्यम से उन्होंने न सिर्फ सुपौल जिले, बल्कि पूरे बिहार का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में तिरंगा लहराकर उन्होंने देश के प्रति अपने गौरव और सम्मान को भी प्रदर्शित किया। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला पदाधिकारी के हाथों सम्मान मिलने से गीतांक आयुष और उनके परिवार में खुशी का माहौल रहा। इस दौरान उनके पिता अजय कुमार मंडल और माता स्वीटी कुमारी भी मौजूद रहीं। बेटे की उपलब्धि पर पिता ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें अपने बेटे पर गर्व है। उन्होंने कामना की कि गीतांक भविष्य में भी इसी तरह सफलता हासिल कर परिवार और जिले का नाम रोशन करता रहे। वहीं सम्मानित होने के बाद गीतांक आयुष ने कहा कि यह उनके लिए अभी शुरुआत है। उन्होंने कहा कि उनका सपना इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में प्रथम स्थान हासिल कर भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन करना है। उन्होंने देश का गौरव ऊंचा करने के संकल्प के साथ आगे और कड़ी मेहनत करने की बात कही। गीतांक की इस उपलब्धि ने जिले के लोगों को गौरवान्वित किया है और उनकी सफलता ने कम उम्र में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने वाले बच्चों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है। - Supaul News