*कहानी बदलाव की*
*आजीविका मिशन के अंतर्गत सामूहिक उद्यम से बदली बड़वानी जिले की ग्रामीण महिलाओं की तस्वीर*
............
*ठीकरी के ग्राम सुराना में खोड़ियार समूह की भैंस पालन और दुग्ध उत्पादन पहल बनी आर्थिक संबल*
बड़वानी 29 सितम्बर 2026/ जब ग्रामीण महिलाओं के हाथों में हुनर, आजीविका के साधन और परस्पर सहयोग का संबल मिल जाता है, तो वे न केवल अपनी तकदीर बदल देती हैं, बल्कि पूरे समाज की तस्वीर भी बदल देती हैं। इसी बदलाव की जीवंत मिसाल पेश कर रहा है, बड़वानी जिले के विकासखंड ठीकरी के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सुराना का खोड़ियार आजीविका समूह।
इस समूह की महिलाओं ने यह साबित कर दिया है कि पारंपरिक जीवन शैली और आजीविका की सीमाओं से बाहर निकलकर यदि सामूहिक प्रयास किए जाएं, तो आर्थिक स्वावलंबन का मार्ग स्वतः प्रशस्त हो जाता है। इन महिलाओं ने पशुपालन जैसे पारंपरिक क्षेत्र को आधुनिक और व्यावसायिक रूप देते हुए सामूहिक भैंस पालन और दुग्ध उत्पादन को अपने स्वरोजगार का मुख्य आधार बनाया है। मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मार्गदर्शन और आपसी एकजुटता के बल पर इन महिलाओं ने चूल्हे-चौके की सीमाओं को लांघकर आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर एक मजबूत कदम बढ़ाया है। आज इनकी यह सामूहिक पहल न केवल उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति दे रही है।
#JansamparkMP
#Badwani
49 views | Barwani, Madhya Pradesh | Sep 29, 2026