अजमेर में महिला सुरक्षा संकल्प अभियान, पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को अधिकारों के प्रति किया जागरूक!
दिनेश गहलोत जर्नलिस्ट (NBT) अजमेर
अजमेर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस का विशेष जागरूकता अभियान लगातार जारी है। राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘महिला सुरक्षा संकल्प अभियान’ के तहत अजमेर जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और पुलिस की सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई।अजमेर पुलिस की ओर से महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिले में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा सखी, महिला सीएलजी सदस्य, गृहिणी और महिला सुरक्षा एवं जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय महिलाओं को शामिल किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, पुलिस सहायता सेवाओं, हेल्पलाइन और साइबर अपराध से बचाव के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा को लेकर जागरूक किया गया। महिला जागरूकता बढ़ाने के लिए जिला अजमेर में तैनात कालिका टीम, सेल्फ डिफेंस टीम, पुलिस थाना एंटी-वीमेन ट्रैफिक टीम और महिला पुलिस दल की ओर से भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों और बाजारों के साथ-साथ स्कूलों में भी महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान की निरंतरता में मेयो गर्ल्स स्कूल, अजमेर में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। स्कूल की बालिकाओं से संवाद कर उन्हें विभिन्न महिला कानूनों, नए आपराधिक कानून और महिला सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और पुलिस की सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे किसी भी परिस्थिति में बिना झिझक पुलिस की मदद ले सकें। कार्यक्रम में पुलिस अजमेर रेंज और अजमेर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, महिला पुलिसकर्मी तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Ajmer, Ajmer | Aug 9, 2026