- हमें लाखों वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान से मिली है आजादी: सुभाष बराला
- कॉम्रवेल्थ खेलों में भिवानी की बेटियों ने किया कमाल: सुभाष बराला
- राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने स्थानीय भीम खेल परिसर में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में फहराया तिरंगा
- जिला स्तरीय समारोह में स्कूल बच्चों ने प्रस्तुत किए देशभक्ति से ओतप्रोत शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम
- राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने स्वतंत्रता सेनानियों, युद्ध वीरांगनाओं के परिजनों, निष्ठावान कर्मचारियों, अधिकारियों व समाज सेवियों को किया सम्मानित
भिवानी, 15 अगस्त। स्थानीय भीम खेल परिसर में 80 वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह में पहुंचने से पहले सांसद श्री बराला स्थानीय नेहरू पार्क में शहीद स्मारक पर पहुंचे और पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया। भीम स्टेडियम में पहुंचने पर सबसे पहले राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम बजाया गया और उसके बाद मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने डीसी साहिल गुप्ता व एएसपी सुमित कुमार के साथ परेड का निरीक्षण किया। अपने संबोधन में श्री बराला ने स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे वीर जवानों को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि आजादी हमें लाखों वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान से मिली है, इसलिए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने हरियाली तीज की बधाई व शुभकामनाएं भी दी। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र व प्रदेश की सरकार की जनकल्यणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में डीसी साहिल गुप्ता, एसएसपी सुमित कुमार, एडीसी दीपक बाबू लाल करवा, भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक, एसडीएम महेश कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, सीटीएम अनिल कुमार, उप वन संरक्षक डॉ. राजेश वत्स व महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन मीना परमार भी मौजूद रहीं। श्री बराला ने समारोह के दौरान वन विभाग के तत्वावधान में भीम खेल परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने विशेषकर युवाओं से वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित हरियाणा के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वïान किया। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की थीम ‘युवा शक्ति—विकसित भारत-2047’ युवाओं की भूमिका को रेखांकित करती है। ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर भी देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त समाज बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी हमारे जवान तिरंगे की आन, बान और शान बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। पिछले लगभग 12 वर्षों में प्रदेश में करीब 1,400 शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी दी गई है।