कसाई मंडी में गौवंश हत्या के बाद प्रशासन का एक्शन, बैरिकेडिंग कर चिन्हित मकानों पर चला बुलडोजर, JCB से आरोपियों के मकानों को प्रशासन ने किया धराशाई
दमोह। कसाई मंडी क्षेत्र में गौवंश हत्या की घटना के बाद शनिवार को पुलिस-प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। घटना के विरोध में गौसेवकों और हिंदू संगठनों के प्रदर्शन के बाद सागर रेंज के डीआईजी शशिंद्र सिंह चौहान दमोह पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआईजी ने सीता बावली, कसाई मंडी और नूरी नगर क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के साथ चिन्हित स्थानों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने नूरी नगर से कसाई मंडी तक बैरिकेडिंग कर क्षेत्र की घेराबंदी की।
8 से 10 मकानों पर चला JCB
शाम करीब 6 बजे के बाद पुलिस प्रशासन, नगर पालिका और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों के मुताबिक, चिन्हित अपराधियों के करीब 8 से 10 मकानों को JCB की मदद से धराशाई किया गया। साथ ही अवैध अतिक्रमण और अवैध बिजली कनेक्शनों को हटाने की कार्रवाई भी की गई। संयुक्त कार्रवाई के चलते पूरे मंडी क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही।
घंटाघर पर हुआ था प्रदर्शन
शनिवार सुबह गौवंश हत्या की घटना सामने आने के बाद गौसेवकों ने घंटाघर पर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इस दौरान कलेक्टर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
घटना को लेकर श्री देव जानकी रमण बूंदाबहु मंदिर घंटाघर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान व्यास पीठासीन महाराज रसराज दास जी ने भी विरोध जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
शांति बनाए रखने की अपील
डीआईजी शशिंद्र सिंह चौहान ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की।
कार्रवाई के दौरान एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदौरिया, एसडीएम निकेत चौरसिया, एसडीओपी हटा केपी सिंह, तहसीलदार रॉबिन जैन, सीएसपी एचआर पांडे, कोतवाली टीआई मनीष कुमार, सीएमओ नगर पालिका राजेंद्र सिंह लोधी, एएसआई राकेश पाठक सहित पुलिस, प्रशासन और नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
Damoh, Damoh | Oct 3, 2026