खाद संकट पर नरेश मीणा का आंदोलन, बारां कलेक्ट्रेट पर जुटे किसान
-कामखेड़ा बालाजी से निकली किसान यात्रा बारां कलेक्ट्रेट पहुंची, मांगों को लेकर आमरण अनशन शुरू
बारां। हाड़ौती में खाद की उपलब्धता, डीएपी एवं यूरिया निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराने और खाद की कथित कालाबाजारी पर रोक लगाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर किसान नेता नरेश मीणा की अगुवाई में शुक्रवार को किसान आंदोलन किया गया। गांधी जयंती के अवसर पर झालावाड़ जिले के कामखेड़ा बालाजी से सुबह करीब 9 बजे मोटरसाइकिल किसान यात्रा रवाना हुई, जो दोपहर करीब 3 बजे बारां कलेक्ट्रेट पहुंची। यात्रा में विभिन्न क्षेत्रों से किसान शामिल हुए।
कलेक्ट्रेट पर आयोजित किसान सभा में नरेश मीणा ने बारां सहित कोटा, बूंदी, झालावाड़ और हाड़ौती क्षेत्र में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने खाद की कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने तथा किसानों को डीएपी और यूरिया निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराने की मांग की। नरेश मीणा ने किसानों की समस्याओं के समाधान तक आमरण अनशन जारी रखने की बात कही। उन्होंने प्रशासन के बजाय मुख्यमंत्री स्तर पर वार्ता कर खाद सहित किसानों से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान की मांग भी रखी। सभा के दौरान आगामी पंचायत राज चुनाव को लेकर पंचायत समिति प्रधान एवं जिला प्रमुख पद के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा भी की गई। नरेश मीणा ने भाजपा और कांग्रेस के बजाय किसान वर्ग की राजनीति को मजबूत करने तथा तीसरे मोर्चे के प्रत्याशियों के समर्थन की अपील की। किसान सभा को राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुड़ा ने भी संबोधित किया। उन्होंने किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर एकजुटता की बात कही। आंदोलन में बारां सहित हाड़ौती के विभिन्न क्षेत्रों से किसान मौजूद रहे।
#बारां #नरेशमीणा #किसानआंदोलन #खादसंकट #किसान #हाड़ौती #बारांकलेक्ट्रेट #डीएपी #यूरिया #राजस्थान
Sangod, Kota | Oct 2, 2026