चाईबासा में 10 लाख के ईनामी जेडसीएम सालूका कायम उर्फ भुवनेश्वर समेत चार भाकपा माओवादी नक्सलियों ने किया सरेंडर। पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा जिला हुआ नक्सल मुक्त।
चाईबासा के पुलिस लाईन में आज झारखंड सरकार के उग्रवादी आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति के तहत 10 लाख के ईनामी जेडसीएम सालूका कायम उर्फ भुवनेश्वर समेत चार भाकपा माओवादी नक्सलियों का आत्मसमर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मौके पर कोल्हान के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा और सीआरपीएफ के डीआईजी विनोद कार्तिक ने चारों नक्सलियों का मुख्य धारा में स्वागत किया। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में दस लाख के ईनामी जेडसीएम सालुका कायम उर्फ भुवनेश्वर, एक लाख की ईनामी नक्सली कैडर कोदामुनी कोड़ा, नक्सली कैडर अनिता और नक्सली कैडर पिंकी शामिल हैं। नक्सलियों के पास से एक एके 47, एक इंसास रायफल के साथ सैकड़ों गोली और दो वायरलेस सेट बरामद हुआ है।
कोल्हान रेंज के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में ऑन रिकॉर्ड कोई नक्सली नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम छोड़कर जो नक्सली दूसरे जिले में भाग कर छुपे हुए हैं, उन्हें चेतावनी दी जा रही है कि आत्मसमर्पण कर दें अन्यथा मारे जाएंगे। नक्सलवाद समाप्त होने के बाद उन क्षेत्रों में पुलिस के लिए क्या चुनौती रहेगी, इस सवाल के जवाब में डीआईजी ने कहा कि हमें बेहतर पुलिसिंग करनी होगी। आम जनता से बेहतर संबंध और समन्वय स्थापित किया जाएगा ताकि ऐसी शक्तियों को एक बार फिर से पनपने का मौका नहीं मिले।