चेकिंग अभियान में ट्रेनों से लेकर हाईवे तक पुलिस की सख्ती
जहानाबाद। जिले में विधि-व्यवस्था को मजबूत रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन, हॉल्ट, हाईवे, प्रमुख मार्गों, यात्री वाहनों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ी रही।
मखदुमपुर स्टेशन और बराबर हॉल्ट पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर ट्रेनों एवं यात्रियों की सुरक्षा जांच की गई। पुलिस जवानों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए यात्रियों और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी रखी।
वहीं, एनएच-22 स्थित देवकुली टोल प्लाजा समेत प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग लगाकर संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली गई। यात्री बसों और ऑटो की भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से जांच की गई। पुलिस ने वाहन चालकों और यात्रियों को सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।
जिले के प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थानों और बैंकों के आसपास भी पुलिस की लगातार गश्त जारी रही। अधिकारियों ने जवानों को संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे
Jehanabad, Jehanabad | Aug 19, 2026