घर में आकर धमकाने का आरोप, #मुख्यमंत्री #जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत
#बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के पदारथपुर गांव निवासी महिला ने एक युवक पर फोन और वाट्सएप कॉल के जरिए परेशान करने, अश्लील बातें करने, घर आकर धमकाने और उसके पति के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि मामले की शिकायत थाने से लेकर एसएसपी कार्यालय तक की गई, लेकिन अभी तक उसे न्याय नहीं मिला। अब उसने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी युवक पिछले करीब चार माह से अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उसे फोन कर परेशान कर रहा था। अश्लील बातें करने पर उसने नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया। आरोप है कि करीब एक माह पहले युवक उसके घर पहुंच गया। उस समय महिला घर पर नहीं थी। उसकी नाबालिग बेटियों के दरवाजा खोलने पर आरोपी ने महिला के बारे में पूछताछ की और कथित तौर पर धमकी दी।
महिला का आरोप है कि घटना की जानकारी पति को देने के बाद जब वह आरोपी से बात करने गया तो उसके साथ मारपीट की गई। पीड़िता का यह भी कहना है कि आरोपी उसके पति को जान से मारने की धमकी देता है और उसे जबरन अपना बनाने की बात कहता है।
पीड़िता के अनुसार उसने बिथरी चैनपुर थाने में कई बार शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद 23 सितंबर को एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया। अब मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की गई है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मी उसके घर आकर उसे धमकाते हैं, जिससे परिवार भयभीत है। उसने वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
#Bareilly #news #live